पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सुमन नगर में एक अधेड़ व्यक्ति ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय उनकी पत्नी बेटे के साथ कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गई हुई थीं। घर लौटने पर कमरे में पति का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।
पुलिस के अनुसार सोमवार को सूचना मिली कि सुमन नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई। मृतक की पहचान दीपक मिश्रा (56) पुत्र शिव रतन मिश्रा निवासी गली नंबर तीन, सुमन नगर, रानीपुर के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के समय दीपक मिश्रा की पत्नी अपने बेटे के साथ कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गई हुई थीं। परिवार के सदस्य जब घर लौटे तो दीपक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे मानसिक परेशानी की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



