
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; दून में युवाओं और स्कूली छात्रों तक नशे का जहर पहुंचाने की कोशिश कर रहे नशा तस्करों के मंसूबों पर STF/ANTF ने पानी फेर दिया। क्लेमनटाउन क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीम ने तीन शातिर आरोपियों को 265 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कैम्पर भी बरामद की गई है।
एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर युवाओं और स्कूल-कॉलेजों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए STF/ANTF द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर क्लेमनटाउन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। सटीक सूचना मिलने पर STF/ANTF ने थाना क्लेमनटाउन पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बोलेरो कैम्पर को रोककर उसमें सवार तीन लोगों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 265 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ वाणिज्यिक मात्रा में है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी युवाओं और स्कूली छात्रों को हेरोइन की सप्लाई करने के उद्देश्य से देहरादून पहुंचे थे। पूछताछ में आरोपियों से यह भी जानकारी मिली कि उनके द्वारा पूर्व में ऋषिकेश के साथ ही देहरादून के राजपुर, प्रेमनगर और क्लेमनटाउन क्षेत्र में मादक पदार्थों की सप्लाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
STF अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हेरोइन की सप्लाई के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं। इसका उद्देश्य नशे की खेप उपलब्ध कराने वाले स्रोत और इसे आगे सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंचना है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। बरामदगी के संबंध में थाना क्लेमनटाउन में तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार….
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नावेद अली पुत्र याकूब अली, साहिब अली पुत्र यासीन अली और मुकर्रम मलिक पुत्र फारुख मलिक, सभी निवासी हकीमपुर तुर्रा, थाना कलियर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। STF अधिकारियों ने बताया कि देहरादून में युवाओं और स्कूल-कॉलेजों के आसपास मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। क्लेमनटाउन में की गई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।
STF/ANTF टीम….
1:- निरीक्षक यादविंदर सिंह बाजवा
2:- उपनिरीक्षक कमाल हसन
3:- अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान
4:- हेड कांस्टेबल देशराज
5:- हेड कांस्टेबल संदेश
6:- कांस्टेबल दीपक चन्दोला
7:- कांस्टेबल दीपक नेगी
थाना क्लेमनटाउन पुलिस टीम
1:- उपनिरीक्षक विवेक भंडारी
2:- कांस्टेबल सागर राई



