
पंच👊नामा-ब्यूरो
रुद्रपुर। पुलिस कार्यों में लापरवाही और पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता बरतने पर ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने सख्त कार्रवाई करते हुए आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और पैगा चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी ने जिले के सभी थाना-चौकियों के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरत रहे थे। साथ ही पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और उनके समयबद्ध निस्तारण में भी अनावश्यक देरी हो रही थी।
उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाई गई। इसे गंभीर मानते हुए एसएसपी ने विक्रम राठौड़ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इसी तरह पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह भी शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और अपने दायित्वों के प्रति उदासीन मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जनपद में पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता को समयबद्ध और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपने दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



