“राम मंदिर से करोड़ों रुपये की चोरी के विरोध में हिंदू क्रांति दल का प्रदर्शन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग..
हिंदूवादी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान राम की प्रतिमा के आगे श्रीराम चौक पर किया प्रदर्शन..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से करोड़ों रुपये की कथित चोरी के विरोध में शनिवार को हिंदू क्रांति दल ने प्रदेश अध्यक्ष चरणजीत पाहवा के नेतृत्व में भगवान श्रीराम चौक पर भगवान श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को कठोर दंड देने की मांग उठाई।
कार्यक्रम का संचालन हिंदू क्रांति दल युवा मोर्चा के जिला मंत्री विक्की प्रजापति एवं शहर अध्यक्ष सौरभ चौहान के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राम मंदिर से करोड़ों रुपये की चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था और सनातन धर्म का अपमान है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए 500 वर्षों तक संघर्ष हुआ, हजारों रामभक्तों और कारसेवकों ने आंदोलन में अपना योगदान दिया तथा अनेक लोगों ने बलिदान भी दिया। ऐसे पवित्र मंदिर में चोरी की घटना पूरे देश के लिए बेहद पीड़ादायक है।
प्रदेश अध्यक्ष चरणजीत पाहवा ने कहा कि चोरी के आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और कानून के दायरे में उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने कहा कि जिन्होंने रामभक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है, उन्हें कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
हिंदू क्रांति दल के नेताओं ने यह भी कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर संत समाज, धार्मिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की चुप्पी चिंता का विषय है। उनका कहना था कि जब करोड़ों लोगों की आस्था पर चोट पहुंची है तो सभी सनातन संगठनों को खुलकर विरोध दर्ज कराना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए, क्योंकि यदि किसी व्यक्ति ने अपराध किया है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग दोहराई। कार्यक्रम में हिंदू क्रांति दल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ हुआ।



