हरिद्वार

“नशे के खिलाफ जंग का संदेश लेकर गुजरात रवाना उत्तराखंड पुलिस का मोटरसाइकिल दल, हरिद्वार में हुआ भव्य स्वागत..

‘Fight Against Drugs’ थीम पर राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में शामिल होगा 12 पुलिसकर्मियों का दल, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने दी शुभकामनाएं..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश लेकर गुजरात के एकतानगर के लिए रवाना हुआ उत्तराखंड पुलिस का 12 सदस्यीय मोटरसाइकिल दल हरिद्वार पहुंचा। पुलिस लाइन रोशनाबाद में दल का अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 में सफल सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं। यह दल एकता दिवस के अवसर पर ‘Fight Against Drugs’ थीम पर प्रस्तावित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में प्रतिभाग करेगा।देहरादून से सहायक सेनानायक संजय उप्रेती के नेतृत्व में रवाना हुआ पुलिस का यह दल सोमवार शाम पुलिस लाइन रोशनाबाद पहुंचा। एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने टीम लीडर संजय उप्रेती और उनके साथ आए पुलिसकर्मियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। दल में शामिल 12 पुलिसकर्मी पांच बुलेट मोटरसाइकिल, एक बोलेरो और एक टेंपो ट्रैवलर के साथ गुजरात के लिए यात्रा कर रहे हैं।बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशा मुक्ति का संदेश…..
पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस मॉडर्न स्कूल, रोशनाबाद के छात्र-छात्राओं ने लघु नाटिका, नुक्कड़ नाटक और कविता पाठ के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ बच्चों की प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया।निशा यादव ने मोमेंटो देकर किया सम्मानित…..
कार्यक्रम के समापन पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव ने टीम लीडर संजय उप्रेती को स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए पूरी टीम को सफल और सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद दल को पुलिस लाइन से आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी दीं शुभकामनाएं….
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने भी उत्तराखंड पुलिस के मोटरसाइकिल दल को राष्ट्रीय रैली में प्रतिभाग करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता के महत्व को रेखांकित करते हुए इस तरह के अभियानों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।गौरतलब है कि एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकतानगर में प्रस्तावित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 की ‘Fight Against Drugs’ थीम का उद्देश्य नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाना है। हरिद्वार से यह दल अपनी यात्रा के अगले चरण के लिए रवाना होगा और गुजरात पहुंचकर रैली में प्रतिभाग करेगा।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!