“पटेलनगर पुलिस का डबल प्रहार: फायरिंग के आरोपी को रिमांड पर लेकर बरामद कराया तमंचा, नशे की लत में वाहन चुराने वाला गिरफ्तार..
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर, इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस की त्वरित कार्रवाई; फायरिंग में इस्तेमाल 32 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद, चोरी की बाइक समेत आरोपी दबोचा..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए पटेलनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर बदमाशों पर शिकंजा कसा है। एक ओर पुरानी रंजिश में सरेराह फायरिंग कर युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को पीसीआर पर लेकर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया, वहीं दूसरी ओर नशे की लत पूरी करने के लिए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस दोहरी कार्रवाई से अपराधियों में खलबली मची है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर दून पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़, लंबित मामलों के खुलासे और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग और वाहन चोरी के दोनों मामलों में पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने दोनों मामलों में साक्ष्य जुटाते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। फायरिंग के मामले में पुलिस ने न्यायालय से मुख्य आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल कर हथियार बरामद किया, जबकि वाहन चोरी के मामले में सीसीटीवी कैमरों, मुखबिर तंत्र और चेकिंग अभियान की मदद से चोरी की बाइक समेत आरोपी को दबोच लिया।
पुरानी रंजिश में चली थीं गोलियां, मुख्य आरोपी से तमंचा बरामद…..
फायरिंग का मामला 20 अगस्त 2026 का है। पटेलनगर क्षेत्र में स्विफ्ट कार सवार युवकों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी थी। घटना के दौरान एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल रोहित को वारदात में प्रयुक्त कार के साथ नया गांव बैरियर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद 24 सितंबर को एक अन्य आरोपी नमन को शामली, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। मामले का मुख्य आरोपी गुरमीत पुलिस की लगातार दबिश के बीच 3 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका था।
घटना में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी और पूछताछ के लिए पुलिस ने न्यायालय से गुरमीत की पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त की। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर नया गांव के जंगल से 32 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका दूसरे पक्ष के युवकों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर आदित्य, सुजल और उनके साथियों पर फायरिंग की थी।
वहां लोगों के एकत्र होने पर आरोपी और उसके साथी स्विफ्ट कार से फरार हो गए। बाद में दूसरे पक्ष के युवकों द्वारा मोटरसाइकिल से पीछा किए जाने पर शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक के पास दोबारा फायरिंग की गई, जिसमें साहिल गोली लगने से घायल हो गया था। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए गुरमीत सहारनपुर और अन्य स्थानों पर चला गया था। पुलिस की लगातार दबिश और उसके दो साथियों की गिरफ्तारी के बाद उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।
नशे की लत ने बनाया वाहन चोर, आईएसबीटी पर पुलिस ने दबोचा….
दूसरे मामले में पटेलनगर पुलिस ने देहराखास स्थित टीएचडीसी कॉलोनी से चोरी हुए दोपहिया वाहन का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। 15 अक्टूबर को कुंदन कुमार निवासी मिश्रा निवास, टीएचडीसी कॉलोनी, देहराखास ने अपना दोपहिया वाहन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपियों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान 16 अक्टूबर को आईएसबीटी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने नवीश को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नशे का आदी होने और अपनी जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करने की बात बताई। वह चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीश पुत्र अनीश, निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी देहराखास, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई। वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल विपिन और कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे।



