“जंतर-मंतर पहुंचा उत्तराखंड पुलिस का जवान! पेपर लीक पर उठाए सवाल, वायरल हो रहा वीडियो, महकमे में हड़कंप..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले छात्रों के धरने के बीच उत्तराखंड पुलिस के एक वर्दीधारी जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में जवान उत्तराखंड के चर्चित पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए न सिर्फ सिस्टम पर सवाल उठा रहा है, बल्कि शहीद भगत सिंह का उदाहरण देता है और छात्रों से अन्याय के खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज उठाने की अपील करता दिखाई दे रहा है।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। महकमे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह जवान कौन है, किस जिले में तैनात है और वह वर्दी पहनकर जंतर-मंतर पर छात्रों के बीच भाषण देने कैसे पहुंच गया। सूत्रों के अनुसार, वीडियो की सत्यता और जवान की पहचान को लेकर खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है और विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाई जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो को हजारों लोग साझा कर रहे हैं। कोई जवान के बयान का समर्थन कर रहा है तो कोई वर्दी में सार्वजनिक मंच से भाषण देने को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। पूरे घटनाक्रम ने उत्तराखंड पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है और वीडियो को लेकर अंदरखाने कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
हालांकि, अभी तक उत्तराखंड पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की पुष्टि हुई है।
“पंच नामा खबर इस वायरल वीडियो, उसमें किए गए दावों अथवा वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उससे जुड़ी चर्चाओं के आधार पर प्रकाशित की जा रही है। आधिकारिक पुष्टि या विभागीय प्रतिक्रिया आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।



