अपराधहरिद्वार

“मेडिकल स्टोर की आड़ में ‘नशे की दुकान’! एसटीएफ के छापे में 200 बोतल कोडीन सीरप बरामद, संचालक गिरफ्तार..

एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, घर-फ्लैट और कार से मिला नशीले सीरप का जखीरा; सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; “दवा जब इलाज के बजाय नशे का जरिया बन जाए, तो कानून का शिकंजा कसना तय हो जाता है।” हरिद्वार में मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित तौर पर नशे का कारोबार चला रहे एक संचालक पर एसटीएफ, एएनटीएफ, औषधि विभाग और ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 बोतल कोडीन युक्त सीरप बरामद किया है। आरोपी के घर, फ्लैट और कार की तलाशी के दौरान यह खेप मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में नशीले सिरप की सप्लाई चेन से जुड़े कई अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं।एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसटीएफ/एएनटीएफ लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में एसटीएफ, औषधि विभाग और ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान गोपनीय सूचना मिली कि सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक अपने आवास पर अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने आरोपी के आवास, फ्लैट और उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली, जहां से दो पेटियों में रखी 200 बोतल कोडीन युक्त सीरप बरामद हुई।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से सिरप के क्रय, विक्रय और भंडारण से संबंधित वैध अभिलेख मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशा करने वालों को फुटकर में सिरप बेचकर अवैध कमाई करता था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आकाश छाबड़ा (23 वर्ष), पुत्र सुरेश छाबड़ा, निवासी आर्य नगर, ज्वालापुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक बताया गया है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 200 बोतल कोडीन युक्त सीरप और एक वैगनआर कार भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं पूछताछ में सामने आए अन्य व्यक्तियों और नशीले सिरप की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।इस संयुक्त कार्रवाई में निरीक्षक यादविंदर सिंह बाजवा, औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी, औषधि निरीक्षक हरीश सिंह, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, उपनिरीक्षक समीप पांडे सहित एसटीएफ, एएनटीएफ, औषधि विभाग और ज्वालापुर पुलिस की टीम शामिल रही। एसटीएफ कप्तान अजय सिंह ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और यदि कहीं भी नशा तस्करी या अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या एसटीएफ/एएनटीएफ को सूचित करें। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!