
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही भाजपा के टिकट दावेदार बगावत के मूड में आ गए हैं। कुछ दावेदारों ने भाजपा प्रत्याशियों के सामने निर्दलीय ताल ठोकने का ऐलान कर दिया है। जबकि कई दावेदार कांग्रेस के संपर्क में हैं। सूत्र बताते हैं कि इनमें कुछ दावेदारों पर कांग्रेस दांव लगाने की तैयारी में है। इसलिए हरिद्वार नगर निगम के अधिकांश वार्डो की लिस्ट फाइनल होने के बाद अभी तक सूची जारी नहीं की गई है। टिकट से वंचित रह गए अधिकांश दावेदारों ने हरिद्वार विधायक मदन कौशिक के सिर पर इसका ठींकरा फोड़ा है।
खास तौर पर मदन कौशिक के गृह वार्ड खन्ना नगर से टिकट मांग रहे दीपक टंडन ने तो फेसबुक पर मदन कौशिक पर तंज करते हुए अपने भड़ास भी निकाली है।
—————————————-

इधर भाजपा की क्लेश के चक्कर में कांग्रेसियों का इंतजार बढ़ता जा रहा है। जबकि शिवालिक नगर और लक्सर समेत कई निकायों में प्रत्याशियों का ऐलान कांग्रेस पहले ही कर चुकी है। हरिद्वार से महापौर पद के लिए युवा नेता वरुण बालियान की माता अमरेश देवी का नाम ही लगभग फाइनल माना जा रहा है। सिर्फ लिस्ट के साथ घोषणा होने बाकी है। दूसरी तरफ भाजपा ने अभी हरिद्वार में मेयर प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया है। यहां वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष चंद की पत्नी किरण जैसल का नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है। इनके अलावा हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र के तीन वार्ड में भी भाजपा ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं।
सूत्र बता रहे हैं कि क्लेश से बचने के कारण ही भाजपा ने पार्षद प्रत्याशियों की सूची आधी रात को जारी की और मेयर प्रत्याशी के ऐलान में भी इसीलिए एहतियात बरती जा रही है। हालांकि, नामांकन के लिए सिर्फ एक दिन बाकी रहने के चलते यह तय है कि आज दोपहर तक भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल अपने-अपने मेरे और बाकी बचे पार्षद प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर देंगे।