गर्मी में राहत: अभिप्रेरणा फाउंडेशन और सिटी 99 ने लगाया छबील, राहगीरों को पिलाया ठंडा शर्बत..

पंच👊नामा ब्यूरो
हरिद्वार: भीषण गर्मी में जब तापमान लगातार ऊंचाई छू रहा है, तब समाजसेवा की मिसाल को आगे बढाते हुए हरिद्वार की जानी मानी सामाजिक संस्था “अभिप्रेरणा फाउंडेशन ” ने सिटी 99 के साथ मिलकर शिवालिक नगर छबील – यानि ठंडा मीठा पानी सेवा शिविर का आयोजन किया।छबील का अर्थ है – ठंडा, मीठा, गैर-अल्कोहलिक पेय, जो आमतौर पर गर्मी के मौसम में प्यास बुझाने और शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए वितरित किया जाता है। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य, प्यासे को पानी और सेवा को सम्मान देना था। शिविर में दूध, ठंडा पानी और गुलाब शरबत से बना पेय नि:शुल्क वितरित किया गया। राह चलते लोगों, रिक्शा चालकों, दुकानदारों और बुज़ुर्गों को छबील से राहत मिली।
————————————–
गुरु अर्जुन देव जी की स्मृति से जुड़ा है छबील का भावार्थ….इस मौके पर डॉ. दीपेश चंद्र प्रसाद ने बताया कि “छबील” शब्द सिख परंपरा में अत्यंत पवित्र माना जाता है। यह सेवा विशेष रूप से श्री गुरु अर्जुन देव जी की शहादत की स्मृति में की जाती है, जिन्होंने धर्म और मानवता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। गर्मी के मौसम में इस सेवा का आयोजन उनके बलिदान को याद करते हुए किया जाता है। डॉ. दीपेश ने कहा, “सेवा के माध्यम से हम समाज में न केवल मदद पहुंचाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी यह सिखाते हैं कि धर्म केवल पूजा नहीं, बल्कि दूसरों की पीड़ा में सहभागी बनना भी है।
————————————–
सेवा-भाव में जुड़े रहे कई हाथ……इस पुण्य कार्य में कई लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। विशेष सहयोग (माता जी) अनीता शर्मा, पिंकी प्रसाद, राजन वर्मा, अंजलि वर्मा, संतोष गोथवाल, काशवी प्रसाद और आस्था शर्मा का रहा। सभी ने छबील बनाने, वितरण करने और राहगीरों को पेय परोसने में सक्रिय भूमिका निभाई।
————————————–
स्थानीय लोगों ने की सराहना….शिविर स्थल पर राह चलते लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोगों ने इस आयोजन को “गर्मी में सुकून देने वाली सबसे पवित्र पहल” बताया। स्थानीय दुकानदार रमेश शर्मा ने कहा कि ये सिर्फ ठंडा-मीठा पानी नहीं, बल्कि इंसानियत का मीठा घूंट है।
————————————–
सकारात्मक संदेश के साथ समापन….
सेवा का समापन सायंकाल तक किया गया, आयोजकों ने भरोसा दिलाया कि ऐसी सेवाएं भविष्य में भी जारी रहेंगी और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाई जाएगी।