मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकुल में की ‘मदन मोहन मालवीय शोध संस्थान’ की घोषणा, कहा— श्रमिक सिर्फ श्रम साधक नहीं, राष्ट्र निर्माता भी हैं..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रविवार को हरिद्वार स्थित ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के ऑडिटोरियम में भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड द्वारा आयोजित युवा कार्यकर्ता सम्मेलन एवं संगठन के स्वर्णिम 70 वर्षों के समापन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं, साथ ही देश के श्रमिकों, युवाओं और संगठन की सात दशकों की यात्रा को सराहा।मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकुल जैसे ऐतिहासिक और आयुर्वेदिक महत्व वाले संस्थान में एक बहुआयामी केन्द्र स्थापित किया जाएगा, जो पर्यटन, अध्यात्म, शिक्षा, आयुर्वेद, ज्योतिष और ध्यान जैसे क्षेत्रों का केन्द्र बनेगा। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि यहां ‘मदन मोहन मालवीय राज्य शोध संस्थान’ की स्थापना की जाएगी, जहां योग, ध्यान और अध्यात्म जैसे विषयों पर गहन अध्ययन होगा। उन्होंने कहा कि यह संस्थान स्पिरिचुअल टूरिज्म को भी बढ़ावा देगा।
—————————————
भारतीय मजदूर संघ की 70 वर्ष की यात्रा को बताया प्रेरणास्रोत……मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने स्वदेशी विचारधारा को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि संगठन ने श्रमयोगी से राष्ट्रयोगी बनने का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद देश में संसाधनों की भारी कमी थी, लेकिन हमारे श्रमिकों ने देश के लिए जो योगदान दिया, वह अविश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि 23 जुलाई 2025 को संघ अपनी स्थापना के 70 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है, और यह यात्रा तपस्या, राष्ट्र समर्पण और भारतीयता की भावना से ओतप्रोत रही है। उन्होंने बताया कि संगठन ने उस दौर में भी वंदे मातरम् और भारत माता की जय के उद्घोष के लिए संघर्ष किया, जब विदेशी विचारधारा हावी थी।
—————————————
श्रमिकों के लिए सरकार की योजनाएं और कल्याणकारी प्रयास…..मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने ई-श्रम पोर्टल, ईएसआई, ईपीएफओ, बीमा एवं अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि अब तक करोड़ों श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के 75 मेधावी बच्चों को रुद्रपुर टेक्निकल इंस्टीट्यूट में पूर्णतः निशुल्क उच्च तकनीकी शिक्षा दी जा रही है— जिसमें शिक्षा, आवास और भोजन शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों के बच्चे भी अब बिना किसी आर्थिक बाधा के आत्मनिर्भर बन सकें।
—————————————
स्किल इंडिया, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और उत्तराखंड का गौरव…..मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्किल इंडिया मिशन के अंतर्गत युवाओं को न सिर्फ कौशलयुक्त किया जा रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर भारत अभियान से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, बद्रीनाथ मास्टर प्लान, और श्री केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्यों में हमारे श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष एक माह 21 दिन के भीतर ही केदारनाथ धाम में 12 लाख से अधिक यात्री पहुंचे हैं और चारों धामों में यात्रियों की संख्या 33 लाख के पार पहुंच चुकी है।
—————————————
आतंकवाद पर सख्ती और ‘दंगा विरोधी कानून’ की बात….सीएम धामी ने कहा कि आज भारत का वैश्विक रुख निर्णायक होता है, और ऑपरेशन सिंधूर के दौरान हमारी सेना के पराक्रम ने दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अब सिर्फ ‘टेबल टॉक’ करने वाला देश नहीं, बल्कि आतंक के ठिकानों को ध्वस्त करने वाला राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लव जिहाद, लैंड जिहाद, थूक जिहाद पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। अभी तक 6500 एकड़ अवैध भूमि को मुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने हल्द्वानी के भूलपुरा दंगों का ज़िक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने सशक्त दंगा विरोधी कानून लागू किया।
—————————————
नकल विरोधी कानून और जीरो टॉलरेंस की नीति…..सीएम ने कहा कि पूर्व में प्रतिभाशाली युवाओं को चयन में कठिनाई होती थी, लेकिन अब नकल विरोधी कानून लागू होने से प्रतिभा आधारित चयन हो रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है और अब तक 200 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को दंडित किया जा चुका है।
—————————————
समान नागरिक संहिता कानून लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड…..मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने 27 जनवरी 2025 को ‘समान नागरिक संहिता’ कानून लागू कर उत्तराखंड को देश का पहला राज्य बना दिया। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम है।
—————————————
कार्यक्रम में मौजूद रहे अनेक गणमान्य…..इस भव्य कार्यक्रम में विधायक प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, मेयर किरण जेसल, भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री रविंद्र मितरे, प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम, यूनियन महामंत्री सुमित सिंघल, बीजेपी जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, लव शर्मा, आशु चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष शौभाराम प्रजापति, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल समेत बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।