
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: थाना बहादराबाद क्षेत्र के चौकी शांतरशाह अंतर्गत ग्राम भौरी में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी जेब से नकदी छीन ली। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह पीड़ित की जान बच पाई। आरोप है कि जाते-जाते आरोपी उसे जान से मारने की धमकी भी देकर गए है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भौरी निवासी रवि कुमार शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर के पास लिल्ला पुत्र नरेंद्र और अरुण पुत्र वीरेंद्र के बीच हो रहे झगड़े को समझा-बुझाकर शांत करा रहे थे। उसी दौरान लिल्ला ने रवि को धमकी देते हुए कहा कि तुझे देख लूंगा।
करीब 10:30 बजे जब रवि कुमार गांव के मिनी बैंक से ₹3800 निकालकर बाहर निकले तभी पहले से घात लगाए बैठे लिल्ला, अभिषेक, गुरजीत और रमन ने उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी जेब से ₹3800 नकद भी छीन लिए।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह पीड़ित को छुड़ाया। पीड़ित रवि कुमार ने चौकी शांतरशाह में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



