“दोस्ती, स्वाद और आत्मीयता का ठिकाना बनेगा ‘अरोड़ा का रसोड़ा’, सोमवार को होगा शुभारंभ..
हरिद्वार के होटल हेरिटेज में शुरू होगा भोजनालय, बालसखा और पूर्व सहपाठी करेंगे उद्घाटन..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: तीर्थनगरी में खानपान के साथ मेल-मिलाप और आत्मीय संवाद का नया ठिकाना बनने जा रहा है। चंद्राचार्य चौक स्थित होटल हेरिटेज में ‘अरोड़ा का रसोड़ा’ (दोस्ती का अड्डा) का दोबारा शुभारंभ होने जा रहा है। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठान का उद्घाटन किसी विशिष्ट अतिथि के बजाय संचालक के बालसखा, सहपाठी और मित्र करेंगे। आयोजकों का कहना है कि इस स्थान की मूल पहचान ही मित्रता और आपसी जुड़ाव है।
अरोड़ा परिवार की ओर से दो नवंबर को मध्याह्न 12 बजे शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत वर्ष 2020 में कोविड महामारी के दौरान ज्येष्ठ पुत्र चिंतन अरोड़ा ने क्लाउड किचन के रूप में की थी। लोगों के मिले अच्छे प्रतिसाद के बाद यह लोकप्रिय हुआ, लेकिन कोरोना काल समाप्त होने और लॉ कॉलेज खुलने के बाद चिंतन के विधि शिक्षा के लिए कोलकाता चले जाने के कारण इसे बंद करना पड़ा। अब इसे नए सिरे से शुरू किया जा रहा है।
‘दोस्ती का अड्डा’ नाम के पीछे भी खास सोच है। इसे केवल भोजनालय तक सीमित न रखकर मित्रों की चाय पर चर्चा, पत्रकारों और बुद्धिजीवियों के विचार-विमर्श, महिलाओं की किट्टी पार्टी, बच्चों के जन्मोत्सव और बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए आरामदायक माहौल के रूप में विकसित करने की योजना है।
कार्यक्रम में मायापुर स्थित डा. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र संगठन के सदस्यों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। अरोड़ा परिवार ने सभी इष्ट-मित्रों और शहरवासियों से सपरिवार पहुंचकर शुभारंभ समारोह की शोभा बढ़ाने की अपील की है। प्रतिष्ठान होटल हेरिटेज, चंद्राचार्य चौक, रानीपुर मोड़ पर स्थित है।



