
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में बुजुर्ग कुलसचिव के साथ मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे कुछ लोगों को कुलसचिव द्वारा सुझाव देना इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने उनके साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई कनखल पुलिस ने अब इस मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस द्वारा वांछित एवं आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुकुल कांगड़ी के कुलसचिव के साथ मारपीट के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है।
थाना कनखल के एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों नरेंद्र मलिक, ओमबीर सिंह और उमाशंकर को गिरफ्तार किया है। इससे पहले वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस चार आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर चुकी थी। हालांकि, बाद में चारों आरोपियों ने नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय से जमानत प्राप्त कर ली थी।
इधर, कुलसचिव की तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने इसी मुकदमे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी व हेड कांस्टेबल संजय धनाई शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपी….
1:- नरेंद्र मलिक पुत्र स्वर्गीय जयपाल, निवासी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, थाना कनखल, हरिद्वार।
2:- ओमबीर सिंह पुत्र भूरा सिंह, निवासी उपरोक्त।
3:- उमाशंकर पुत्र स्वर्गीय भगवान दत्त शर्मा, निवासी उपरोक्त।



