“विधायक उमेश के खिलाफ पोस्ट को लेकर भाजपा मंडल महामंत्री गिरफ्तार, हंगामा, (देखें वीडियो)..
भाजपाइयों ने पहले खानपुर थाने के बाहर किया विरोध प्रदर्शन, अब तहसील में धरने पर डटे..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: खानपुर में निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के खिलाफ एक पोस्ट शेयर करने पर पुलिस ने भाजपा मंडल महामंत्री अमित चौहान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद हाई वोल्टेज सियासी ड्रामा शुरू हो गया। भाजपाइयों ने पहले खानपुर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद लक्सर तहसील पहुंचकर धरने पर बैठ गए। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लक्सर तहसील में डटे हुए हैं और गिरफ्तार किए गए भाजपा नेता को जमानत देने की मांग कर रहे हैं।
ऐसा बताया गया है कि खानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित चौहान ने फेसबुक पर विधायक उमेश कुमार से जुड़ी एक पोस्ट शेयर की थी। जिसमें उमेश कुमार के एक महिला के साथ कुछ समय पहले वायरल हुई वीडियो के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए गए थे। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मंडल महामंत्री अमित चौहान को गिरफ्तार किया और चालान कर लक्सर एसडीएम कोर्ट भेजा था।
इसकी जानकारी मिलते ही देर रात भारी संख्या में कार्यकर्ता तहसील पहुंच गए। पूर्व विधायक चैंपियन ने गिरफ्तारी को अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि देश में हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है, ऐसे में सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर गिरफ्तारी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस पर विधायक के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाया और विरोध जताया। खबर लिखे जाने तक कार्यकर्ताओं की जमानत पर सुनवाई चल रही थी और बड़ी संख्या में समर्थक तहसील में डटे हुए थे।