देहरादून

“अंकिता को न्याय के लिए सड़कों पर उतरा सुराज सेवा दल, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार..

सीबीआई जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर धरना, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाने और हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर शुक्रवार को राजधानी का माहौल गरमा गया। सुराज सेवा दल के सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में परेड ग्राउंड में जुटे और वहां से संगठित मार्च करते हुए मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री आवास के बाहर हुए धरना-प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी की गई और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आवाज बुलंद की गई।धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की अस्मिता और सम्मान का सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक की जांच से आम जनता संतुष्ट नहीं है और लगातार यह संदेह गहराता जा रहा है कि प्रभावशाली और वीआईपी लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे हालात में केवल सीबीआई जांच ही सच्चाई को सामने ला सकती है।जोशी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार न्याय के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयान कर रही है। ठोस कार्रवाई के अभाव में जनता का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक बहन अंकिता को पूरा न्याय नहीं मिलता और इस जघन्य हत्याकांड में शामिल हर आरोपी को सख़्त सज़ा नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की कि अंकिता हत्याकांड की तुरंत सीबीआई जांच शुरू की जाए, पूरे मामले में शामिल वीआईपी और प्रभावशाली लोगों की भूमिका सार्वजनिक की जाए तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी सज़ा दिलाई जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सीबीआई जांच की घोषणा नहीं की तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन तेवर बेहद आक्रामक नजर आए। बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!