“संघर्ष से सफलता तक: परम नागरिक के 15 स्वर्णिम वर्ष, रुड़की में पत्रकारिता के मूल्यों का भव्य उत्सव”..

पंच👊नामा
रुड़की। दैनिक परम नागरिक अखबार की 15वीं वर्षगांठ के अवसर पर रुड़की के सेंटर प्वॉइंट होटल में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखबार के संपादक एवं संस्थापक एम. हसीन द्वारा किया गया, जिसमें शहरभर के वरिष्ठ व युवा पत्रकारों, समाजसेवियों और गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान एम. हसीन ने परम नागरिक के 15 वर्षों के सफर को साझा करते हुए अपने करीब 40 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप समय के साथ बदला है,
लेकिन सच्चाई, निष्पक्षता और जनहित आज भी इसकी आत्मा हैं। उन्होंने संघर्षों से भरे अपने सफर का उल्लेख करते हुए युवा पत्रकारों को ईमानदारी और धैर्य के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वरिष्ठ पत्रकार शकील अनवर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एम. हसीन को परम नागरिक की 15वीं वर्षगांठ की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि एम. हसीन ने उन प्रतिष्ठित अखबारों में सेवाएं दी हैं, जिनका स्वतंत्रता आंदोलन में भी अहम योगदान रहा है।
बड़े संस्थानों में उनके लिखे लेख और समाचार सदैव सराहे गए, लेकिन उन्होंने बड़े शहरों और संस्थानों को छोड़कर अपने शहर रुड़की को चुना और 15 वर्ष पूर्व परम नागरिक की नींव रखी। यह सफर संघर्षों से भरा रहा, मगर हसीन साहब अपने लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ते रहे।
पत्रकार अंकित गर्ग ने कहा कि आज सोशल मीडिया का दौर है, जहां हर व्यक्ति के पास अपनी बात लाखों लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है, लेकिन अखबार की विश्वसनीयता आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि अखबार में प्रकाशित समाचार साक्ष्य के रूप में मान्य होते हैं, जिन्हें बदला नहीं जा सकता, जबकि सोशल मीडिया पर एडिट और डिलीट की गुंजाइश रहती है।
पत्रकार मोहम्मद तहसीन ने एम. हसीन साहब को बधाई देते हुए कहा कि वह एक सीनियर पत्रकार हैं, जिनसे उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने चिंता जताई कि आज का युवा पत्रकार संवाद से दूर होता जा रहा है, जबकि वरिष्ठ पत्रकारों के सानिध्य में बैठकर संवाद और अनुभव से सीखना बेहद जरूरी है।
पत्रकार प्रिंस शर्मा ने कहा कि एम. हसीन साहब रुड़की की पत्रकारिता में युवाओं के लिए एक मिसाल हैं। समय-समय पर उनसे मार्गदर्शन मिलता रहता है और वह हमेशा युवाओं को सही दिशा दिखाते हैं।
पत्रकार प्रवेज़ आलम ने परम नागरिक के 15 वर्ष पूर्ण होने पर एम. हसीन साहब को मुबारकबाद पेश करते हुए कहा कि वह युवा पत्रकारों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं। उनके लिखे समाचारों और लेखों से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि एम. हसीन साहब से जब भी मुलाकात होती है, सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
पत्रकार चौ. अनवर राणा ने भी एम. हसीन को बधाई देते हुए उनके पत्रकारिता योगदान की सराहना की। पत्रकार हरिओम गिरी ने बधाई देते हुए कहा कि एम. हसीन साहब ने निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उदय सिंह पुंडीर ने एम. हसीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परम नागरिक ने जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया है और समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है।
इसके अलावा पत्रकार मुनीष शर्मा, असलम अंसारी, रामकुमार शर्मा, सोनी रोड, हर्ष हसीन, विशाल शर्मा, संदीप कश्यप, दीक्षा सहित अनेक पत्रकारों और उपस्थित अतिथियों ने एम. हसीन को परम नागरिक की 15वीं वर्षगांठ पर शुभकामनाएं दीं और अखबार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



