
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक सुरेश राठौर के स्वामित्व वाले होटल ‘रानीपुर राजवाड़ा’ से नकदी और आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। होटल में तैनात मैनेजर देवेश शर्मा पर करीब तीन लाख रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवालिक नगर स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी सोमिल चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके ससुर सुरेश राठौर के होटल में देवेश शर्मा को मैनेजर नियुक्त किया गया था। होटल के बैंक खाते, चेकबुक और डेबिट कार्ड सहित वित्तीय कामकाज की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी।
आरोप है कि कुछ समय बाद कर्मचारियों का वेतन देना बंद हो गया और पिछले तीन महीनों से स्टाफ को भुगतान नहीं किया गया। इसी दौरान देवेश शर्मा करीब तीन लाख रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना होटल छोड़कर चला गया। बताया गया है कि वह हाल के दिनों में हरिपुर कलां क्षेत्र में रह रहा था।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि फोन पर संपर्क करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।



