
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित बहादुरपुर जट गांव में बुधवार सुबह करीब छह बजे बिजली चोरी की सूचना पर की गई छापेमारी के दौरान
माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी।
मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने टीम की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विरोध कर रहे युवकों और विजिलेंस टीम के बीच तीखी नोकझोंक हुई,
जिसके बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने विजिलेंस टीम पर हमला कर दिया, जिससे टीम के उपकरणों को आंशिक नुकसान पहुंचा।
हालांकि किसी कर्मचारी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं।
थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि विभाग की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गांव में घटना के बाद से पुलिस सतर्क है और स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।



