
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; धर्मनगरी हरिद्वार में नशे के धंधे पर पुलिस लगातार प्रहार कर रही है। इसी कड़ी में कोतवाली नगर पुलिस ने भूपतवाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक ड्रग्स तस्कर को 522 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और नशा कारोबारियों पर नजर बनाए हुए है।
इसी क्रम में शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम भूपतवाला स्थित बन्दा रोड के निकट परमार्थ घाट क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर अचानक घबरा गया और तेजी से पीछे मुड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर ही उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुंदर सिंह पुत्र स्वर्गीय रतन सिंह निवासी गलाती, थाना धारचूला, जिला पिथौरागढ़, उम्र 27 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 522 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस अपने गांव की तरफ से सस्ते दामों में लाकर हरिद्वार में बेचने के उद्देश्य से लाया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में; कुंदन सिंह राणा – प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर हरिद्वार, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, हेड कांस्टेबल प्रदीप पंवार व हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी शामिल रहे।



