अपराधहरिद्वार

“लक्सर में हिस्ट्रीशीटरों की परेड, पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर लक्सर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले सभी चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों को थाने में बुलाया गया और उनकी परेड कराई गई।कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। थाने में एक-एक कर सभी हिस्ट्रीशीटरों की हाजिरी लगवाई गई। उनसे पूछा गया कि वे इन दिनों क्या काम कर रहे हैं, रोजी-रोटी कैसे चला रहे हैं और उनकी दिनचर्या क्या है। पुलिस ने साफ तौर पर कहा कि अब उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

इस दौरान एसएसआई नितिन चौहान ने सभी को कड़े शब्दों में समझाया कि अगर दोबारा किसी भी तरह की गैरकानूनी हरकत सामने आई तो सीधे जेल की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अब ढिलाई के मूड में नहीं है और अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई बार देखने में आता है कि पुराने अपराधी दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं। इसे रोकने के लिए समय-समय पर ऐसी परेड कराई जाती है, ताकि उन्हें यह अहसास रहे कि पुलिस की नजर उन पर बनी हुई है।लक्सर क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जो लोग सीधा रास्ता अपनाएंगे, उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!