“रमजान–होली साथ, पुलिस सख्त—ज्वालापुर में शांति का संदेश, हुड़दंगियों को चेतावनी..
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हुई शांति समिति की बैठक, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने दिए कड़े निर्देश..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रमजान माह और आगामी होली पर्व को सकुशल व सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर
कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में शांति समिति की महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। रेलवे रोड स्थित बंधन पैलेस में आयोजित बैठक में पुलिस अधिकारियों ने दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
गोष्ठी की अध्यक्षता अभय प्रताप सिंह (पुलिस अधीक्षक नगर) व संजय चौहान (क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर) ने की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार
सहित बाजार व रेल चौकी प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के पार्षद, व्यापार मंडल प्रतिनिधि, मस्जिदों के इमाम, दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिक व अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में अधिकारियों ने रमजान और होली पर्व एक साथ होने के चलते विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। मस्जिद कमेटियों के प्रतिनिधियों ने रमजान के दौरान निर्धारित स्थानों पर नमाज अदा कराने व कानून व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।
वहीं होली पर्व पर आपसी सौहार्द बनाए रखने, किसी प्रकार के विवाद से बचने और यातायात व्यवस्था बाधित न करने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सामाजिक समरसता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही आमजन से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई।
इस अवसर पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने या कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने रमजान और होली पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।



