पंच👊नामा
मंगलौर। मंगलौर क्षेत्र में कार लूट और सड़क हादसे की सनसनीखेज घटना सामने आई है। तीन बदमाशों ने बुकिंग पर चलने वाली कार लूट ली और चालक को सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
भागने के दौरान तेज रफ्तार कार से स्कूटी सवार रिटायर्ड सिंचाई विभाग के इंजीनियर की टक्कर लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नगला निवासी रोहित बुकिंग पर कार चलाता है। शनिवार शाम तीन युवक रुड़की के मोहनपुरा से हरियाणा जाने के लिए उसकी टाटा नेक्सोन कार बुक कर लाए थे। गुड़ मंडी के पास पहुंचते ही युवकों ने बहाना बनाकर कार रुकवाई और रोहित को गाड़ी से खींचकर नीचे गिरा दिया, इसके बाद कार लेकर फरार हो गए।
आरोपी तेज रफ्तार से भाग रहे थे। इसी दौरान लिब्बरहेड़ी के पास उन्होंने स्कूटी सवार अनिल त्यागी (65) निवासी ग्राम कुहाहेड़ी, गुरुकुल नारसन को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अनिल त्यागी रुड़की सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त इंजीनियर थे।
हादसे के बाद आरोपी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



