पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार, कनखल: गैस एजेंसी के एक डिलीवरी कर्मी से खुद को मीडियाकर्मी बताकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि पहले रास्ते में रोककर धमकाया गया और फिर एजेंसी पहुंचकर पैसे की डिमांड की गई।
पुलिस के अनुसार धनपुरा निवासी अमृत कुमार, सिंहद्वार स्थित पुष्पक गैस सर्विस में डिलीवरी का कार्य करता है। शुक्रवार को वह आर्यनगर क्षेत्र के संतोष विहार में गैस सिलेंडर की आपूर्ति करने जा रहा था। तभी रास्ते में एक महिला सहित तीन लोगों ने उसकी बाइक रुकवा ली और चाबी निकाल ली। आरोप है कि उन्होंने खुद को पत्रकार बताते हुए सिलेंडर का वजन कराने की बात कही और पूछताछ शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, जब उसने तीनों से पहचान पत्र दिखाने को कहा तो वे आक्रामक हो गए और उसे धमकाने लगे। किसी तरह वह वहां से निकलकर अपने कार्यालय पहुंचा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए एजेंसी तक पहुंच गए। यहां उन्होंने उस पर दबाव बनाते हुए दो लाख रुपये की मांग की।
डिलीवरी कर्मी ने रकम देने से इनकार करते हुए तुरंत अपने अधिकारियों को सूचना दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने देवम मेहता, अर्चना ढींगरा और विश्वास सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों पर पहले भी राह चलते लोगों और कामगारों से वसूली के आरोप लगते रहे हैं। इस तरह के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो को भी खंगाला जा रहा है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



