
पंच👊नामा-ब्यूरो
ऊधमसिंहनगर। उत्तराखंड को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए पुष्कर सिंह धामी सरकार की मुहिम को उधमसिंह नगर जनपद पुलिस ने बड़ी कामयाबी में बदला है।
एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में गदरपुर पुलिस ने एक शातिर वांछित अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और वह धर दबोचा गया।
मुठभेड़ में घायल होकर पकड़ा गया शातिर….
कोतवाली गदरपुर पुलिस टीम रात्रि चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कलकत्ती खानपुर तिराहे के पास संदिग्ध दिखे शाकिर अली उर्फ नक्टा ने पुलिस पर फायर झोंक दिया और फरार होने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए कनकट्टा चौराहे से आगे कुईखेड़ी मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास उसे घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में उसे जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया।
नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर प्रहार….
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी NDPS एक्ट के तहत वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से नशा तस्करी के एक सक्रिय नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी अपने नाबालिग बच्चों से भी स्मैक (हेरोइन) की सप्लाई करवाता था, जिससे उसकी आपराधिक मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पहले भी नाबालिग से पकड़ी गई थी स्मैक…
24 जनवरी 2026 को ANTF कुमाऊं यूनिट रुद्रपुर ने चेकिंग के दौरान करतारपुर रोड तिराहे पर एक स्कूटी (TVS NTORQ) सवार नाबालिग को पकड़ा था। तलाशी में स्कूटी की डिग्गी से स्मैक बरामद हुई थी। पूछताछ में नाबालिग ने खुलासा किया कि यह नशा उसके पिता शाकिर अली उर्फ नक्टा और मां द्वारा सप्लाई के लिए भेजा गया था। इसी आधार पर गदरपुर कोतवाली में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
लंबा आपराधिक इतिहास…..
शाकिर अली उर्फ नक्टा का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा है। उस पर लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का सख्त संदेश….
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जनपद में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी में हथियार और वाहन….
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
01 तमंचा (.315 बोर)
02 जिंदा कारतूस
01 खोखा कारतूस
01 मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर)
बरामद किए हैं।



