
पंच👊नामा-ब्यूरो
ऊधमसिंहनगर; जनपद में अपराधियों पर नकेल कसने के अभियान के तहत हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग और लाखों की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दो शातिरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वसूली गई धनराशि भी बरामद की गई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपदभर में अपराध व अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में ट्रांजिट कैम्प पुलिस टीम ने हनी ट्रैप से जुड़े इस गंभीर मामले में प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार वादी ने तहरीर देकर बताया कि आरोपी प्रिया, उसकी सहेली पिंकी उर्फ काजल और अन्य साथियों ने साजिश के तहत उसे बुलाया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने व जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की गई।
आरोपियों ने पीड़ित से 14 हजार रुपये ऑनलाइन और 30 हजार रुपये नकद वसूल भी लिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली ट्रांजिट कैम्प में मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए गंगापुर इंडियन कॉलोनी के सामने ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मोतीराम पुत्र चेतराम निवासी जनपद सम्भल, जिसके पास से 5,500 रुपये बरामद हुए, और पिंकी उर्फ काजल पत्नी राजेश कुमार निवासी ट्रांजिट कैम्प, जिसके कब्जे से 12,000 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक पिंकी उर्फ काजल पूर्व में भी एक अन्य मुकदमे में वांछित चल रही थी। पुलिस ने कुल 17,500 रुपये की बरामदगी की है। कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक मनोज जलाल, हेड कांस्टेबल सुभाष चन्द्र और महिला कांस्टेबल कंचन चौधरी शामिल रहे।



