“भावुक माहौल में शिक्षिका खुर्शीद जहां को दी गई विदाई, पुंवारका ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में सादगीपूर्ण समारोह, स्टाफ ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं..

पंच👊नामा-ब्यूरो
सहारनपुर: जनपद के पुंवारका ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय में सेवानिवृत्त शिक्षिका मोहतरमा खुर्शीद जहां के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ। लंबे शैक्षिक सेवाकाल के बाद 31 मार्च को सेवानिवृत्त हुईं खुर्शीद जहां को विद्यालय परिवार ने पूरे सम्मान के साथ विदाई दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के स्टॉफ ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान प्रधानाध्यापिका सुनीता देवी ने कहा कि सेवा में रहते हुए एक दिन सेवानिवृत्ति का भी आता है,
लेकिन जब यह अहसास होता है कि साथी अब विद्यालय से अलग हो जाएगा, तो आंखें नम होना स्वाभाविक है। उन्होंने खुर्शीद जहां के शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की।
सहायक अध्यापिका रश्मि वर्मा ने विद्यार्थियों के जीवन को आकार देने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। वहीं शिक्षिका रीतू शर्मा ने कहा कि मृदुभाषी, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ खुर्शीद जहां की विदाई का यह पल सभी के लिए अत्यंत भावुक करने वाला है।
वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें नैतिक मूल्यों और संस्कारों का भी विकास किया। उनका व्यक्तित्व और कार्यशैली हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
समारोह में उच्च प्राथमिक विद्यालय चमारी खेड़ा की प्रधानाध्यापिका सुनीता देवी, रश्मि वर्मा, रीतू शर्मा, सुलेखा, अनिता, अर्चना, शिक्षा मित्र रीना, नीरज सैनी सहित अन्य स्टॉफ सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षिका की पुत्री एवं प्राथमिक विद्यालय कुंजेटा (बिजनौर) की मुख्य अध्यापिका शबनम जमाल, बेसिक शिक्षा उत्तराखंड की सहायक अध्यापिका तरन्नुम सबा, लायबा व पुत्रवधू सना जुनैद की उपस्थिति भी रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने खुर्शीद जहां के सुखद, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।



