
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बार फिर चेन स्नेचिंग की वारदात से सनसनी फैल गई। घर से किसी काम के लिए निकली महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बना लिया। पीछे से आए बदमाशों में से एक ने झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन खींच ली और साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। महिला ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
खड़खड़ी में दो दिन के भीतर चेन स्नेचिंग की यह दूसरी घटना है। इसके अलावा कनखल क्षेत्र में भी हाल ही में चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आ चुकी है। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने त्योहारों से पहले महिलाओं की चिंता बढ़ा दी है। सुबह और दिन के समय भी बदमाशों के बेखौफ होकर वारदात करने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्धों से पूछताछ की। आसपास के मार्गों पर भी बाइक सवारों की जांच की गई, लेकिन देर तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। त्योहारों को देखते हुए चेकिंग और गश्त बढ़ाने के लिए भी कहा गया है। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि चेन लुटेरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा।



