
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर में सामने आया बबलू हत्याकांड शुरू में भले ही आत्महत्या का मामला लग रहा था,
लेकिन एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर की गई गहन पुलिस जांच में सच्चाई ने ऐसी करवट ली कि हर कोई सन्न रह गया। यह कोई साधारण मौत नहीं, बल्कि रिश्तों के जाल में बुनी गई एक खौफनाक साजिश थी, जिसमें पत्नी और बेटी ही कातिल बन बैठीं।
घटना बीती 02 अप्रैल की है, जब मृतक बबलू की पत्नी पूजा ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट को मामला संदिग्ध लगा। साक्ष्य जुटाए गए, मौके का बारीकी से मुआयना किया गया और शव का पंचनामा भरकर जांच को आगे बढ़ाया गया।
अगले ही दिन SP सिटी अभय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक के भाई द्वारा दी गई तहरीर और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या में तब्दील हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जब गहराई से जांच की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जब मृतक के बच्चों से पूछताछ की तो पूरे घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं। मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर उसके पिता की तकिए से मुंह दबाकर हत्या की। पूछताछ में पत्नी और नाबालिग बेटी ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया।
खुलासे में सामने आया कि मृतक को पत्नी और बेटी के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसको लेकर वह अक्सर शराब पीकर झगड़ा और मारपीट करता था। इससे परेशान होकर दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
वारदात वाली रात बबलू को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई, फिर दुपट्टों से हाथ-पैर बांधकर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को दूसरे कमरे में ले जाकर मुंह में सल्फास का घोल डाला गया और पूरा सीन तैयार कर दिया गया। अगली सुबह पत्नी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए आत्महत्या की कहानी गढ़ दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी पूजा (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। मामले में कथित प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बरामदगी में शामिल….
मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, खाली शराब (फ्रूटी) पाउच, स्टील का गिलास, 04 दुपट्टे और घटना में प्रयुक्त तकिया।
पुलिस टीम…
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल सुदेश खरोला, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, महिला कांस्टेबल रेशमा सुल्ताना, महिला कांस्टेबल माधुरी, चालक मोहन सिंह रावत, महिला हेड कांस्टेबल रीना रानी एवं सीआईयू हरिद्वार से वसीम शामिल रहे।



