अपराधहरिद्वार

‘ऑपरेशन प्रहार’ का बॉर्डर पर डबल अटैक: शराब तस्कर धराया, नारसन में रफ्तार के गुंडों पर पुलिस का प्रहार.!

60 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब बरामद, दो गिरफ्तार—बुलेट-कार सीज, फर्जी रौब वाली स्कॉर्पियो पर भी शिकंजा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की: हरिद्वार जनपद में बॉर्डर एरिया पर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ जोरदार असर दिखा रहा है। एक ओर जहां उत्तर प्रदेश से अवैध शराब की तस्करी कर रहे शातिर को दबोचा गया, वहीं दूसरी ओर नारसन क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए गिरफ्तारी और सीज की कार्रवाई कर हड़कंप मचा दिया।पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जनपद हरिद्वार में लगातार सघन चेकिंग और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके चलते अंतर्राज्यीय सीमाओं पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराध और अव्यवस्था के खिलाफ व्यापक रणनीति के तहत कार्रवाई को और तेज कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अंतर्राज्यीय सीमाओं पर विशेष निगरानी रखते हुए मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब के परिवहन, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी के तहत ‘ऑपरेशन प्रहार’ को जनपद में पूरी गंभीरता और मुस्तैदी के साथ लागू किया जा रहा है।इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ब्रह्मपुर रोड स्थित ट्यूबवेल के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 60 टेट्रा पैक ‘महबूबा’ मार्का अवैध देसी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान परीक्षित पुत्र आजाद निवासी ग्राम धमात, थाना पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश से शराब लाकर उत्तराखंड में खपाने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।वहीं दूसरी ओर नारसन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज की अगुवाई में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ा शिकंजा कसा गया। पेट्रोल पंप क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर आम लोगों की जान खतरे में डालने वाले दो युवकों—आदिल और मुशर्रत निवासी पुरकाजी—को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनकी कार को सीज कर दिया गया। इसके अलावा अवैध लाल-नीली बत्ती और पुलिस स्टिकर लगाकर रौब झाड़ रही स्कॉर्पियो पर चालान की कार्रवाई की गई, वहीं सड़कों पर दहशत फैलाने वाली ‘पटाखे छोड़ने वाली’ मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया।हरिद्वार पुलिस का स्पष्ट संदेश..
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बॉर्डर से लेकर सड़कों तक कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी—ना तस्करी बचेगी, ना ही हुड़दंग!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!