“तत्कालीन थाना प्रभारी सहित 12 के खिलाफ एसआईटी ने दाखिल की 28 पन्नों की चार्जशीट, 50 लोगों को बनाया गवाह..
जमीन की धोखाधड़ी का शिकार हुए पीड़ित ने खुद को गोली मारकर की थी आत्महत्या..
पंच👊नामा-ब्यूरो
उधमसिंहनगर: जमीन की धोखाधड़ी और पुलिस की कार्यप्रणाली से आहत होकर हल्द्वानी के गौलापार स्थित होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने वाले काशीपुर निवासी सुखवंत सिंह प्रकरण में
एसआईटी ने शनिवार को ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट काशीपुर की अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी। 28 पेज के आरोपपत्र में तत्कालीन आईटीआई कोतवाली थानाध्यक्ष कुंदन सिंह रौतेला समेत 12 आरोपितों को नामजद किया गया है, जबकि 50 गवाह बनाए गए हैं।
एसआईटी ने एक आरोपित के विरुद्ध आत्महत्या के लिए प्रेरित करने, सात आरोपितों पर धोखाधड़ी और आत्महत्या के लिए उकसाने तथा चार आरोपितों पर धमकाने का आरोप लगाया है। मामले में अभी अन्य आरोपितों के विरुद्ध विवेचना जारी है।
————————————
10-11 जनवरी की रात की थी आत्महत्या…..
काशीपुर के ग्राम पैगा निवासी सुखवंत सिंह ने 10-11 जनवरी 2026 की रात हल्द्वानी के गौलापार स्थित होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उसने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया था और पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला था। सुसाइड नोट में उसने तत्कालीन पुलिस अधिकारियों समेत कई लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
घटना के बाद तत्कालीन एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। बाद में पुलिस मुख्यालय स्तर से जांच जिला एसआईटी से हटाकर आईजी नीलेश आनंद भरणे की अध्यक्षता में नई एसआईटी का गठन किया गया।
————————————
79 दिन की जांच के बाद दाखिल हुई चार्जशीट….
सूत्रों के अनुसार आईटीआई कोतवाली में कुल 26 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज है। एसआईटी ने 79 दिन की जांच के बाद 12 आरोपितों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की है, जबकि शेष आरोपितों के संबंध में विवेचना अभी जारी है।
————————————
किस पर क्या आरोप….
:- विमल कुमार, आशीष चौहान उर्फ पटवारी, कुलविंदर सिंह उर्फ जस्सी, अमरजीत सिंह, जगपाल सिंह, गुरप्रेम सिंह, जहीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने, धोखाधड़ी और धमकाने का आरोप।
:- तत्कालीन थानाध्यक्ष आईटीआई कोतवाली कुंदन सिंह रौतेला पर आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकाने का आरोप।
:-बलवंत सिंह उर्फ काले, जगवीर सिंह उर्फ जगवीर राय, मनप्रीत सिंह और सुखवंत सिंह पन्नू पर धमकाने का आरोप।
————————————
एसआईटी के अनुसार मामले में कुछ आरोपितों की जानकारी अभी पूरी तरह नहीं मिल पाई है, जिनके विरुद्ध जांच जारी है। अदालत में चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी।



