
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल की एक फैक्ट्री कर्मचारी की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बहादराबाद थाना क्षेत्र के बोंगला इलाके में सोमवार सुबह एक खेत में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजवीर निवासी धामपुर, जिला बिजनौर के रूप में हुई है। वह सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था और डेंसो चौक के पास किराए के कमरे में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजवीर की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु, संभवतः हथौड़े से वार कर की गई है।
घटनास्थल से पुलिस को एक हथौड़ा, शराब की खाली बोतल और बीयर की खाली केन बरामद हुई हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि रविवार रात शराब पीने के दौरान किसी विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर बहादराबाद अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक के परिचितों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



