
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार/पथरी: धनपुरा गांव की दो सगी बहनों इरम फातिमा और अर्शी मलिक ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंकों से शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों बहनें श्रीदेव इंटर कॉलेज की प्रतिभाशाली छात्राएं हैं।
इरम फातिमा का सपना भविष्य में जज बनकर पीड़ितों को न्याय दिलाना है। उनका कहना है कि वे निष्पक्ष होकर हर जरूरतमंद को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगी। वहीं, अर्शी मलिक एमबीबीएस डॉक्टर बनना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे चलकर गरीब और जरूरतमंद लोगों का निःशुल्क इलाज करना चाहती हैं।
दोनों छात्राओं के पिता इलियास मलिक ने बेटियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बताया कि इरम और अर्शी पढ़ने में शुरू से ही होनहार रही हैं। वहीं, दोनों बहनों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है, जिन्होंने उन्हें हर कदम पर प्रोत्साहित किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
————————————–
हरिद्वार: पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज ज्वालापुर की छात्रा महरीन ने बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाकर खुद को साबित किया है। महरीन के पिता सलामत अली फर्नीचर पॉलिश का काम करते हैं। जबकि मां शाहिन बेगम गृहणी हैं। उनका परिवार ज्वालापुर के मोहल्ला कोटरवान में रहता है।
विपरीत पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद महरीन ने बिना कोचिंग यह मुकाम हासिल किया है। परिवार को चारों तरफ से बधाई मिल रही हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य पूनम राणा ने भी महरीन को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, महरीन ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता की दुआओं और शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन को दिया है।



