पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ज्वालापुर में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। जिम में घुसकर तीन युवकों ने एक युवक पर लोहे की रॉड और पंच से हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ वार से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। फिटनेस सेंटर के भीतर अचानक हुए खूनी हमले से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर युवक की जान बचाई। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के अहबाबनगर निवासी अमन अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सर्राफा बाजार निवासी ताज खान, नेक खान और आयान खान से उसकी लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि आरोपी पहले भी उसे अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दे चुके हैं।
पीड़ित के अनुसार पांच मई की शाम वह ज्वालापुर स्थित फिटनेस फ्यूल जिम में कसरत कर रहा था। तभी तीनों आरोपी वहां पहुंचे और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उस पर लोहे की रॉड और पंच से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून बहने लगा।
जिम में मौजूद लोग अचानक हुए हमले से सहम गए। कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। इसी दौरान ज्वालापुर निवासी अमन खान ने बीच-बचाव कर घायल युवक को हमलावरों से बचाया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। ज्वालापुर कोतवाली के एसएसआई हर्ष अरोड़ा ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। दिनदहाड़े जिम के भीतर हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है।


