
पंच👊नामा
पिरान कलियर: हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर क्षेत्र में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जबरदस्त अभियान छेड़ दिया है।
कस्बे में संदिग्ध गतिविधियों में घूम रहे मनचलों और अपराधियों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 25 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया, जबकि गौकशी और गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे आरोपी को भी दबोचकर जेल भेज दिया गया। लगातार हो रही इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत अपराधियों, वांछितों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड की मंशा के अनुरूप जिलेभर में सक्रिय पुलिस टीमें लगातार धरपकड़ में जुटी हुई हैं।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में कलियर पुलिस ने कस्बे के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान झुंड बनाकर घूम रहे करीब 15-20 युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर
पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की और पुलिस एक्ट में विधिक कार्रवाई अमल में लाई। हिरासत में लिए गए लोगों में सतीश निवासी शाहपुर हरियाणा, जमील, मेहराज, चांद, असरफ, शहीद, गुलफाल, साजिम, इसरार, सलमान समेत अन्य युवक शामिल रहे।
वहीं दूसरी ओर कलियर क्षेत्र में गौकशी जैसे समाज विरोधी अपराधों में सक्रिय गिरोहों के खिलाफ भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे आरोपी मुन्ना पुत्र शाहनवाज उर्फ धन्नु निवासी पिरान कलियर को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली कलियर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत क्षेत्र में सक्रिय अन्य अपराधियों और संदिग्ध तत्वों की कुंडली भी खंगाली जा रही है और आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह चौहान, धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह, उपनिरीक्षक कुन्दन सिंह, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल प्रकाश मनराल व होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।



