पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार में गुरुवार को घटी एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कुछ घंटों के भीतर पहले एक मासूम बच्चे की मौत और फिर उसके पिता के ट्रेन के आगे कूद जाने से मामला कई सवालों और पहेलियों में उलझ गया है। पुलिस हर कड़ी जोड़कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी राघवेंद्र जोशी हरिद्वार में फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते थे। बताया गया कि वह करीब दो-तीन महीने पहले पत्नी बबली जोशी और अपने जुड़वा बच्चों के साथ गांव गए थे। गुरुवार को परिवार वापस हरिद्वार लौटा और रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में कमरा लिया।
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय अचानक दोनों जुड़वा बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। घबराई पत्नी होटल कर्मचारियों की मदद से बच्चों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। लेकिन वहां डॉक्टरों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। दूसरे बच्चे का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इधर, अस्पताल में मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा ही था कि कुछ घंटे बाद ज्वालापुर के लाल पुल रेलवे ट्रैक से एक और सनसनीखेज खबर सामने आई। रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक अचानक ट्रेन के आगे कूद गया था।
मौके से मिले आधार कार्ड ने पूरे घटनाक्रम को और भी दर्दनाक बना दिया। शव की पहचान राघवेंद्र जोशी के रूप में हुई। सूचना मिलने पर अस्पताल में मौजूद पत्नी बबली जोशी मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त की। एक ही दिन में पति और मासूम बेटे की मौत से परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मासूम की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या बच्चे की मौत का सदमा पिता बर्दाश्त नहीं कर पाया, या फिर कहानी के पीछे कोई और रहस्य छिपा है?
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस हर पहलू को गंभीरता से जांच रही है और होटल से लेकर अस्पताल तक की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।



