“राम मंदिर के चंदे से जुड़ी करोड़ों की वित्तीय गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच की मांग, हिंदू क्रांति दल ने सीएम योगी को भेजा पत्र..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: हिंदू क्रांति दल के नेता चरणजीत पाहवा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर अयोध्या स्थित राम मंदिर से कथित रूप से जुड़े वित्तीय अनियमितता और चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों राम मंदिर परिसर में करोड़ों रुपये की चोरी होने संबंधी चर्चाएं सामने आई हैं, जिससे श्रद्धालुओं और हिंदू समाज में चिंता का माहौल है।
पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ईमानदार छवि का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे में यदि राम मंदिर से जुड़े किसी भी प्रकार के आर्थिक अनियमितता, दान राशि में गड़बड़ी या चोरी के आरोपों में सच्चाई है तो उसकी गहन और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
चरणजीत पाहवा ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और मंदिर में आने वाली दान राशि समाज की श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने मांग की कि जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति को उसके पद, प्रभाव या राजनीतिक हैसियत के आधार पर संरक्षण न दिया जाए। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसका नाम सार्वजनिक किया जाए और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि अतीत में राम मंदिर से जुड़ी जमीन खरीद और अन्य मामलों में भी अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं। ऐसे में वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।
हिंदू क्रांति दल ने कहा कि यदि राम मंदिर के दान कोष से एक रुपये की भी हेराफेरी हुई है तो यह करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा विषय है। संगठन ने सरकार से मामले को दबाने के बजाय पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।



