
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: उत्तराखण्ड में नशे के कारोबार पर लगातार प्रहार कर रही एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र से बरामद 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल प्रकरण में एसटीएफ/एएनटीएफ ने तस्करी नेटवर्क के अहम कड़ी और मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर के संचालक सचिन मनिहाल को गिरफ्तार कर करोड़ों के अवैध कारोबार की परतें खोल दी हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न दवा कंपनियों से प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल मंगवाकर उत्तराखण्ड में सप्लाई कर रहा था और महज पांच माह में करीब 35 लाख रुपये के कारोबार का खुलासा हुआ है।
एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और हरिद्वार पुलिस ने 11 मई को थाना मंगलौर क्षेत्र से संयुक्त कार्रवाई में 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे। इस मामले में थाना मंगलौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली के पर्यवेक्षण में निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ियां सामने आईं।
जांच में पता चला कि मुजफ्फरनगर के जनकपुरी निवासी सचिन मनिहाल, जो श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर का संचालक है, विभिन्न दवा कंपनियों से प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल मंगवाकर उन्हें उत्तराखण्ड के देहरादून और हरिद्वार समेत विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय व्यक्तियों के माध्यम से सप्लाई कर रहा था। आरोपी मूल कीमत से कई गुना अधिक दाम पर कैप्सूल बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा था।
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि जनवरी 2026 से मई 2026 के बीच मात्र पांच माह में एक ही दवा कंपनी से ट्रामाडोल कैप्सूलों की खरीद के लिए करीब 35 लाख रुपये का भुगतान किया गया। पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित दवाओं की खरीद और सप्लाई करने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। एसटीएफ अब आरोपी की अवैध संपत्तियों की जांच कर रही है। साथ ही उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने प्रदेशवासियों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन किसी भी सूचना के लिए निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखण्ड के हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 एवं 9412029536 पर संपर्क कर सकते हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम…..
1:- निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा
2:- उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी
3:-अपर उपनिरीक्षक मनोज बेनीवाल
4:- अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान
5:- हेड कांस्टेबल मनमोहन
6:- कांस्टेबल दीपक चन्दोला
7:- कांस्टेबल दीपक नेगी


