“राम मंदिर चढ़ावा चोरी से ऑपरेशन सिंदूर तक, कांग्रेस का केंद्र पर तीखा हमला..
ट्रस्ट को बर्खास्त कर सभी खातों और एसआईटी रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए : आलोक शर्मा

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए भारतीय जवानों की जानकारी छिपाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए राम मंदिर ट्रस्ट को तत्काल बर्खास्त करने, ट्रस्ट के सभी खातों की जांच कराने और एसआईटी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा से दान किए गए धन एवं सोना-चांदी की कथित चोरी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार को मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए राम मंदिर ट्रस्ट को बर्खास्त करना चाहिए तथा ट्रस्ट के समस्त खातों का लेखा-जोखा और चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई देश के सामने आ सके।
आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि एसआईटी जांच के नाम पर वास्तविक आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मंदिरों को भी भ्रष्टाचार और लूट का अड्डा बना दिया है। भाजपा सरकारों में गठित एसआईटी की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज तक किसी भी बड़ी एसआईटी जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस मामले में भी एसआईटी अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि नेशनल वॉर मेमोरियल में शहीदों के नाम सामने आने के बाद देश को जानकारी मिली कि इस अभियान में छह भारतीय जवान भी शहीद हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस तथ्य को देश से छिपाया। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में दावा किया था कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ, जबकि बाद में सामने आए तथ्यों ने अलग तस्वीर पेश की। उन्होंने भाजपा पर राष्ट्रवाद के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसका राष्ट्रवाद केवल दिखावा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि राम मंदिर में दान की राशि में कथित गड़बड़ी करने वालों को देश कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
पत्रकार वार्ता के अंत में ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, बी.एस. तेजियान, शिवालिक नगर अध्यक्ष मोहन राणा, विकास चंद्रा, कैलाश प्रधान, उदित विद्याकुल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



