
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार टैक्सी स्टैंड पर सवारी बैठाने को लेकर कथित यूनियन की दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। सहारनपुर से टैक्सी लेकर आए चालक पर यूनियन नेताओं और उनके समर्थकों के जानलेवा हमले का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि बीच सड़क चालक को बेरहमी से पीटा गया,
जेब से नकदी छीन ली गई और बाद में एआरटीओ से वाहन का चालान कराकर उसे सीज भी करा दिया गया। गंभीर रूप से घायल चालक इस समय हरियाणा के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने यूनियन अध्यक्ष, मुल्लाजी, बिष्ट जी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सहारनपुर की पैरामाउंट कॉलोनी निवासी हिमांशु गोयल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता मुकेश गोयल 18 जून को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से हरिद्वार आए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे हरिद्वार टैक्सी स्टैंड के सामने उनके कुछ परिचित सहारनपुर जाने के लिए उनकी गाड़ी में बैठने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान टैक्सी यूनियन अध्यक्ष, मुल्लाजी, बिष्ट जी और उनके साथ 7-8 अन्य लोगों ने इसका विरोध करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सभी ने मिलकर मुकेश गोयल पर हमला बोल दिया।
तहरीर के अनुसार आरोपियों ने मारपीट के दौरान चालक की जेब से 7,500 रुपये भी छीन लिए। इतना ही नहीं, एआरटीओ अधिकारियों से वाहन का चालान कराकर उसे सीज भी करा दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल मुकेश गोयल को पहले हरिद्वार के आर्यव्रत मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उन्हें हरियाणा के अंबाला जिले के मुलाना स्थित अस्पताल रेफर करना पड़ा, जहां वह वेंटिलेटर पर भर्ती हैं।
घटना के बाद घायल चालक के बेटे हिमांशु गोयल हरिद्वार पहुंचे और नगर कोतवाली में यूनियन अध्यक्ष, मुल्लाजी, बिष्ट जी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि टैक्सी स्टैंड पर कुछ यूनियन पदाधिकारी लंबे समय से दबंगई के बल पर बाहरी चालकों को सवारी नहीं बैठाने देते और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करते हैं।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



