“चलती कार बनी आग का गोला, श्यामपुर पुलिस की फुर्ती से टला बड़ा हादसा..
राष्ट्रीय राजमार्ग पर धू-धू कर जली टाटा जेस्ट कार, यातायात रोककर पुलिस ने सुरक्षित कराया रेस्क्यू, फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नजीबाबाद–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रसियाबड़ के समीप दौड़ती एक कार अचानक आग का गोला बन गई। कुछ ही पलों में लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया,
लेकिन चालक की सूझबूझ और हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। पुलिस ने तत्काल हाईवे पर मोर्चा संभालते हुए यातायात नियंत्रित किया और फायर ब्रिगेड के साथ समन्वय स्थापित कर आग पर काबू पाया।
कोतवाली श्यामपुर प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा के नेतृत्व में सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर यातायात को नियंत्रित किया, जिससे अन्य वाहन सुरक्षित निकल सके और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब चार बजे लक्सर से टाटवाला (श्यामपुर) की ओर जा रही टाटा जेस्ट कार (संख्या UK07 TB 4479) के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने तत्काल वाहन सड़क किनारे रोककर बाहर निकल गया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार धू-धू कर जलने लगी।
प्राथमिक जांच में आग लगने का संभावित कारण वाहन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हरिद्वार पुलिस की तत्परता, प्रभावी यातायात प्रबंधन और फायर ब्रिगेड के साथ बेहतर समन्वय के चलते हाईवे पर बड़ा हादसा होने से बच गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने भी सराहना की।
जनहित में हरिद्वार पुलिस की अपील….
हरिद्वार पुलिस ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की सर्विसिंग और तकनीकी जांच अवश्य कराएं। वाहन के इलेक्ट्रिकल सिस्टम, वायरिंग और फ्यूल पाइपलाइन की नियमित जांच कराते रहें। वाहन में अग्निशामक यंत्र रखने का प्रयास करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 या फायर ब्रिगेड को सूचना दें।



