
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में नाले को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक तकरार में बदल गया है। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद मामला और गर्मा गया है।
भाजपा के सप्तऋषि मंडल मंत्री विकास गुप्ता ने आरोप लगाया है कि वार्ड संख्या-1 में नाले के मुद्दे को लेकर हुए विवाद के दौरान पार्षद आकाश भाटी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उनका दावा है कि धमकी देते हुए कहा गया, “तुझे नाले में गाड़ दूंगा।” घटना के बाद उन्होंने सप्तऋषि चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार चार जुलाई को दोपहर करीब 1:27 बजे मिश्रा जी वाली गली स्थित शिवजी मंदिर चौक पर यह घटना हुई। विकास गुप्ता का कहना है कि धमकी के बाद उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
उधर, मामले में नया मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल होने लगा। वायरल ऑडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, पार्षद आकाश भाटी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वायरल ऑडियो पूरी तरह फर्जी है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी छवि खराब करने और राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से यह साजिश रची गई है।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है। साथ ही वायरल ऑडियो की भी तकनीकी जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ऑडियो वास्तविक है या एआई के जरिए तैयार किया गया है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



