“कांवड़ मेले से पहले एक्शन मोड में ज्वालापुर पुलिस, सड़क घेरने वालों पर चला अभियान..
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आर्य नगर चौक से शंकर आश्रम तक चला अभियान, दोबारा अतिक्रमण मिलने पर न्यायालय भेजने की चेतावनी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; आगामी कांवड़ मेले को लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर
सोमवार को ज्वालापुर क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ घेरकर बैठे दुकानदारों व यातायात में बाधा बन रहे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने चालानी कार्रवाई करते हुए भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा, चौकी रेल प्रभारी उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी व चेतक पुलिस टीम ने आर्य नगर चौक से शंकर आश्रम चौक तक विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सामान रखकर किए गए अवैध अतिक्रमण और तहसील ज्वालापुर के आसपास सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को चिन्हित करते हुए संबंधित दुकानदारों व वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी कीमत पर सड़क पर अतिक्रमण या यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभियान के दौरान सभी संबंधित दुकानदारों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे दोबारा सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई दुकानदार या अन्य व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए मामला माननीय न्यायालय में भेजा जाएगा।
पुलिस का यह अभियान आगामी कांवड़ मेले तक लगातार जारी रहेगा ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।



