
पंच👊नामा
रुड़की: कलियर क्षेत्र में कांवड़ पटरी मार्ग पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे रुड़की-कलियर नहर पटरी मार्ग पर बाजुहेड़ी गांव के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइकें तेज गति से विपरीत दिशा से आ रही थीं। इसी दौरान आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को
एंबुलेंस के माध्यम से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर रात तक मृतकों और घायलों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ ही अन्य माध्यमों से उनकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि हादसे में तीन युवकों की मृत्यु हुई है, जबकि दो घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
दुर्घटना के कारणों की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।



