हरिद्वार

“डीईओ कार्यालय में शिक्षकों का गांधीवादी धरना, भ्रष्टाचार और बाबुओं की कार्यशैली पर उठे बड़े सवाल..

जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, लंबित पदोन्नति और पारदर्शी स्थानांतरण की उठाई मांग..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन, हरिद्वार के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, स्थानांतरण प्रक्रिया में अनियमितताओं व शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान में हो रही देरी के विरोध में गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में शिक्षक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में कार्यालय परिसर में फर्श पर बैठकर विरोध दर्ज कराया। बाद में जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) के साथ विस्तृत वार्ता हुई, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।शिक्षक संगठन का आरोप था कि लंबे समय से उठाई जा रही समस्याओं पर शिक्षा विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। विभागीय कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार, बाबुओं की मनमानी और पारदर्शिता के अभाव के चलते शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में बार-बार पत्राचार और आश्वासन के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने वार्ता के दौरान विभागीय नियमों एवं शासनादेशों के उल्लंघन के कई मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षकों से जुड़े प्रकरणों में पारदर्शिता नहीं बरती गई तथा मनमाने ढंग से निर्णय लिए गए। उन्होंने जनपद में लंबे समय से तैनात एक लिपिक की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की।जिला महामंत्री दर्शन सिंह पंवार ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) से अनुमोदित 22 शिक्षकों की लंबित पदोन्नति शीघ्र जारी करने, उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा अधिनियम की धारा 17(1)(ख) के अंतर्गत होने वाले स्थानांतरणों को काउंसलिंग के माध्यम से पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने तथा शिक्षकों के शैक्षिक एवं प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के बाद सेवा पुस्तिकाओं एवं विभागीय पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां कराने की मांग उठाई।संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, जिला महामंत्री दर्शन सिंह पंवार, उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण भट्टाचार्य, डॉ. शिवा अग्रवाल, प्रमोद कुमार अधाना, देशराज (अध्यक्ष, नारसन), सुशील कुमार (मंत्री, नारसन), अनिल शर्मा (अध्यक्ष, लक्सर), जाहिद आलम (कोषाध्यक्ष, लक्सर), अजय कुमार (मंत्री, लक्सर), अवधेश कुमार पालीवाल, नितिन कुमार (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, लक्सर), प्रमोद कुमार, सुनील बोहरे, अरविन्द कुमार मिड्डा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!