
पंच👊नामा
पिरान कलियर; घर की कहासुनी ने गुरुवार देर रात खूनी मोड़ ले लिया। पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में प्रधान पति ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सगे भाई को गोली मार दी। गोली लगने से 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, बाजुहेड़ी गांव निवासी प्रधान पति किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच गुरुवार देर रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर राजेश पर गोली चला दी। गोली लगते ही राजेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट व धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी मौके का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। आरोपी वारदात के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।



