“साबिर पाक के 758 वें सालाना उर्स/मेले की तैयारियां तेज, अफसरों को अल्टीमेटम—उर्स शुरू होने से पहले हर व्यवस्था हो पूरी..
13 अगस्त से शुरू होगा उर्स, 3/4 सितंबर तक चलेंगे धार्मिक आयोजन, सुरक्षा, सफाई, बिजली, पेयजल, पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पिरान कलियर दरगाह साबिर पाक के 758 वें सालाना उर्स/मेला-2026 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है।
उर्स में देश-विदेश से आने वाले लाखों जायरीनों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उर्स शुरू होने से पहले हर व्यवस्था हर हाल में पूरी कर ली जाए। बैठक में अतिक्रमण हटाने से लेकर सुरक्षा, सफाई, बिजली, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था तक हर बिंदु पर विस्तृत मंथन किया गया।
जिला कार्यालय सभागार में हुई अहम बैठक…….
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में 758 वें सालाना उर्स/मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस वर्ष 758वें सालाना उर्स का आयोजन 13/14 अगस्त से 03/04 सितंबर तक होगा। चांद दिखाई देने पर मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का आगाज होगा, जबकि मुख्य धार्मिक आयोजन 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त तक संपन्न होंगे।
अतिक्रमण हटाने और समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश….
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उर्स शुरू होने से पहले मेला क्षेत्र से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में अपने-अपने कार्य पूरे करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन व्यवस्थाओं पर रहा विशेष फोकस…..
बैठक में अस्थायी कार्यालय व पुलिस चौकियों की स्थापना, जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी दुकानें, विद्युत व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्यों की ई-निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष कार्यों की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी चर्चा…..
बैठक में पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था, अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना, भीड़ नियंत्रण, जल पुलिस और मोटर बोट की तैनाती की जानकारी दी। वहीं रेलवे और परिवहन विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों और पार्किंग व्यवस्था पर अपनी तैयारियां साझा कीं।
इसके अलावा नगर पंचायत पिरान कलियर द्वारा साफ-सफाई, जल संस्थान द्वारा पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों, एंबुलेंस और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था व अग्निशमन विभाग द्वारा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता…..
अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने दो टूक कहा कि उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग नियमित समन्वय बनाए रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें, ताकि उर्स/मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और विधायक ने भी दिए सुझाव…..
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने उर्स मेले से जुड़ी विभागवार तैयारियों की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने की अपेक्षा जताई। वहीं पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि उर्स मेले के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर लें।
ये अधिकारी रहे मौजूद…..
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, तहसीलदार विकास अवस्थी, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



