“आधी रात निजी गाड़ी से हाईवे पर निकले एसएसपी, औचक निरीक्षण में खुली पुलिसकर्मियों की पोल; 9 निलंबित, 4 से जवाब तलब..

पंच👊नामा-ब्यूरो
उत्तराखंड; पुलिस ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात स्वयं निजी वाहन से हाईवे पर औचक निरीक्षण के लिए निकले एसएसपी को कई चेकिंग प्वाइंटों पर पुलिसकर्मी निर्धारित ड्यूटी स्थल से गायब मिले, जबकि कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन बताकर गुमराह करने का प्रयास किया। मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने तत्काल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 4 अन्य से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
पुलिस के अनुसार देर रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पंतनगर क्षेत्र में सफेद रंग की स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की है और घटना के बाद वाहन काशीपुर की ओर जाते देखा गया। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर तत्काल सघन चेकिंग और नाकाबंदी के निर्देश जारी किए।
इसी दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति स्वयं रात करीब 12 बजे निजी वाहन से हाईवे पर बनाए गए विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण करने निकल पड़े। निरीक्षण के दौरान महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर हाईवे पर स्थापित चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त पार्टी के कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी ड्यूटी प्वाइंट की गलत लोकेशन बताई, जबकि वे मौके पर मौजूद ही नहीं थे। इससे चेकिंग ड्यूटी में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना स्पष्ट हुई। मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के आदेश दिए, जबकि 4 अन्य पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



