हरिद्वार

“पहले कांवड़ की ड्यूटी, अब गंगा की सफाई में जुटे जवान, 6 टन कचरा हटाया..

नमामि गंगे घाट पर पुलिस-सेना का संयुक्त अभियान, ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ दिया स्वच्छता का संदेश..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद हरिद्वार में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर पुलिस व भारतीय सेना ने संयुक्त पहल की। शुक्रवार सुबह नमामि गंगे घाट पर हरिद्वार पुलिस और भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट आर्टिलरी,

रायवाला के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान सुर देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस और सेना के जवानों ने घाट व आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों से करीब 6 टन कचरा एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा घाट परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।ध्वजारोहण के बाद नमामि गंगे अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए घाट परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। हरिद्वार पुलिस के जवानों, सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के सैनिकों और स्थानीय स्वयंसेवकों ने मिलकर घाट और आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान प्लास्टिक, सूखा और गीला कचरा बड़ी मात्रा में एकत्रित किया गया।6 टन कचरा एकत्र, उचित निस्तारण को भेजा….
संयुक्त अभियान के दौरान करीब 6 टन कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित कचरे को अलग-अलग कर उचित निस्तारण के लिए भेजा गया। अभियान का उद्देश्य गंगा तट को स्वच्छ रखने के साथ ही आमजन को गंगा की निर्मलता और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।पुलिस-सेना के कदम ने दिया एकता का संदेश….
स्वच्छता अभियान के जरिए पुलिस और सेना ने आपसी समन्वय, राष्ट्र एकता, नागरिक कर्तव्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पुलिस और सेना के जवानों को एक साथ स्वच्छता अभियान में जुटा देखकर स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों ने भी अभियान में सहभागिता की।कार्यक्रम के दौरान सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने कहा कि नदियों और सार्वजनिक धरोहरों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। सेना और पुलिस की संयुक्त पहल समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।हरिद्वार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे अभियानों में भविष्य में भी निरंतर सहयोग और सहभागिता का संकल्प दोहराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!