“सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जागरूकता की मुहिम, एसएमजेएन कॉलेज में छात्राओं को किया जागरूक..
महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं की समस्याओं के प्रति जागरूक होना जरूरी : डॉ. बत्रा

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समय रहते जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच को जरूरी बताते हुए एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव और एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया। इनर व्हील क्लब, हरिद्वार के सहयोग से आयोजित विशेष व्याख्यान में विशेषज्ञों ने गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के लक्षणों, कारणों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा और मुख्य वक्ता डॉ. नीता मेहरा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति
जागरूकता ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कहा कि महिला सशक्तिकरण तभी संभव होगा, जब हम महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए जागरूक होंगे।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं आईक्यूएसी अध्यक्ष डॉ. संजय माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इनर व्हील क्लब के सामाजिक योगदान की सराहना की। मुख्य वक्ता डॉ. नीता मेहरा ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों और कारणों के साथ ही एचपीवी (HPV) वैक्सीन की उपयोगिता पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक होने के साथ समाज में भी इस संबंध में जानकारी फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में डॉ. ज्योति और डॉ. अमिता मल्होत्रा द्वारा पूछे गए प्रश्नों का डॉ. नीता मेहरा ने विस्तार से समाधान किया। अंत में डॉ. रुचिता सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति की सदस्य डॉ. पूर्णिमा सुंद्रियाल, डॉ. सरोज शर्मा, सुश्री ऋचा मिनोचा और डॉ. पल्लवी राणा का विशेष योगदान रहा।



